त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई
होली और रमजान जैसे बड़े त्योहारों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। बाराबंकी, आजमगढ़, हापुड़, लखनऊ, अयोध्या, सहारनपुर और राजस्थान के अलवर में छापेमारी कर हजारों किलो मिलावटी खोया, पनीर, मिठाइयां, दूध और रंगीन कचरी जब्त की गई। कई स्थानों पर संदिग्ध सामग्री मौके पर ही नष्ट कर दी गई, जबकि कुछ सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए।
सहायक खाद्य आयुक्त शैलेंद्र सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से समझौता नहीं किया जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा।
बाराबंकी में बड़ी कार्रवाई
बाराबंकी में खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर करीब 100 किलो पनीर और 200 किलो रंगीन कचरी जब्त की और नाले में बहा दिया। इसके अलावा करीब 50 हजार रुपये मूल्य का खाद्य पदार्थ नष्ट किया गया।
आजमगढ़ में 3.35 लाख की मिठाइयां जब्त
आजमगढ़ में खाद्य विभाग ने एक गोदाम पर छापेमारी कर आगरा से लाए गए 3.35 लाख रुपये मूल्य के मिलावटी खोया, काजू बर्फी, पनीर और अन्य मिठाइयां जब्त की। सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए। सहायक आयुक्त सुशील कुमार मिश्र ने लोगों से अपील की कि वे चमकीले और रंगीन खाद्य पदार्थों से बचें और पैक्ड सामान लेते समय एक्सपायरी डेट जरूर जांचें।
हापुड़ में रंगीन कचरी बरामद
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के शाहपुर में खाद्य विभाग ने छापेमारी कर 13 क्विंटल रंगीन कचरी बरामद की। यह कचरी दिल्ली और एनसीआर में सप्लाई के लिए तैयार की जा रही थी। सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए। विभाग ने चेतावनी दी कि ऐसे सिंथेटिक खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं।
लखनऊ में 2 हजार किलो खराब मिठाइयां नष्ट
लखनऊ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर 2 हजार किलो से अधिक खराब मिठाइयां, दूध और खोया मौके पर ही नष्ट कराया।
अयोध्या और सहारनपुर में भी सख्त कार्रवाई
अयोध्या में होलसेल व्यापारी की दुकान पर छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थ सीज किए गए। इसमें 2.82 लाख रुपये के पाम ऑयल के 82 टिन और 61 हजार रुपये का रिफाइंड तेल शामिल था।
सहारनपुर में चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां टॉयलेट के पास 2000 लीटर दूध रखा गया था। जंग लगे कंटेनरों में रखा यह दूध साफ तौर पर मानकों का उल्लंघन था। विभाग ने सैंपल लिए और नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
राजस्थान के अलवर में नकली पनीर बरामद
अलवर में 180 किलो नकली और सिंथेटिक पनीर नष्ट किया गया। अधिकारियों के अनुसार यह क्षेत्र नकली मावा और मिठाइयों की सप्लाई के लिए कुख्यात है, जिससे एनसीआर के कई शहरों में मिलावटी सामान भेजा जाता है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
खाद्य विभाग ने जनता से अपील की है कि वे संदिग्ध और सस्ते खाद्य पदार्थ से बचें। खासतौर पर रंगीन मिठाइयां, नकली पनीर और खुले दूध के सेवन से सतर्क रहें। पैक्ड सामान खरीदते समय मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें।
प्रशासन का कहना है कि जहां भी मिलावटखोरी की शिकायत मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी और अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।

