उत्तर भारत में सर्दी, कोहरे और मौसम के बदलते मिजाज ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। दिल्ली-एनसीआर में जहरीला स्मॉग और घना कोहरा छाया हुआ है, वहीं उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। हवाई, सड़क और रेल यातायात पर भी इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर घना कोहरा, यात्रियों के लिए एडवाइजरी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह घने कोहरे और स्मॉग की मोटी परत छाई रही। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने सुबह 8 बजे यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, रनवे पर दृश्यता काफी कम हो गई है, हालांकि फिलहाल सभी उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी-अपनी एयरलाइंस से उड़ानों की स्थिति की जानकारी पहले ही प्राप्त कर लें, क्योंकि कम विजिबिलिटी के चलते उड़ानों में देरी हो सकती है।
कानपुर में कोहरे का कहर, स्कूलों की टाइमिंग बदली
उत्तर प्रदेश के कानपुर में शीतलहर और घने कोहरे के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं। कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। सड़कों पर वाहन ब्लिंकर जलाकर धीमी रफ्तार से चलते नजर आए।
कोहरे और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है। अब सभी स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। शहर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) भी खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।
कश्मीर में बर्फबारी, गुलमर्ग के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी
जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, द्रास और गुरेज जैसे इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई है। गुलमर्ग में बर्फ देखने के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे सड़कों पर जाम और फिसलन की स्थिति बन गई।
इसी को देखते हुए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग की ओर केवल 4×4 वाहनों और चेन लगे टायर वाले वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जाएगी। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं।
हिमाचल में बढ़ी ठंड, येलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में भी ठंड ने जोर पकड़ लिया है। शिमला, मनाली, कुफरी और नारकंडा जैसे पर्यटन स्थलों पर बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है। शिमला में अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 6.7 और कुफरी में 8.6 डिग्री दर्ज किया गया।
राज्य के जनजातीय इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। निचले जिलों जैसे ऊना, बिलासपुर और मंडी में घना कोहरा सड़क यातायात को प्रभावित कर रहा है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, सुबह और शाम घना कोहरा बना रह सकता है। हालांकि 22 से 27 दिसंबर के बीच मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
क्रिसमस पर नहीं होगी बर्फबारी
मौसम विभाग ने साफ किया है कि 25 दिसंबर यानी क्रिसमस के दिन शिमला, मनाली और कुफरी में ‘व्हाइट क्रिसमस’ की उम्मीद नहीं है। पर्यटक स्थलों पर सीजन की पहली बड़ी बर्फबारी का इंतजार अभी जारी रहेगा।

