तेलंगाना के सिद्धिपेट जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी के चरित्र पर शक ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। एक पति ने पहले अपनी पत्नी को जबरन कीटनाशक पिलाया, जब उससे मौत नहीं हुई तो उसने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के दौरान बीच-बचाव करने आई 11 वर्षीय बेटी पर भी जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया।
आदर्श नगर इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात
यह सनसनीखेज घटना सिद्धिपेट शहर के आदर्श नगर इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 38 वर्षीय एलैया के रूप में हुई है, जबकि मृतका उसकी 32 वर्षीय पत्नी श्रीलता है। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसकी मुख्य वजह पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह बताया जा रहा है।
पहले कीटनाशक, फिर बेरहमी से हत्या
ACP रविंदर रेड्डी ने बताया कि घटना वाले दिन एलैया ने अपनी पत्नी श्रीलता को जबरन कीटनाशक पिला दिया। जब इससे उसकी मौत नहीं हुई, तो आरोपी ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटी पर सिलबट्टे से हमला, बेटा जान बचाकर भागा
हत्या के दौरान दंपति की 11 साल की बेटी अर्चिता ने अपने पिता को रोकने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि एलैया ने बेटी पर सिलबट्टे से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी दौरान आरोपी ने अपने बेटे पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन बेटा किसी तरह मौके से भागने में सफल रहा।
आरोपी ने खुद को भी किया घायल
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घबरा गया और उसने खुद का गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में एलैया और उसकी बेटी को सिद्धिपेट सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
15 दिन पहले ही सिद्धिपेट आए थे रहने
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह परिवार मूल रूप से डेक्कल गांव, दौलमिट्टा मंडल का रहने वाला था और करीब 15 दिन पहले ही हैदराबाद से सिद्धिपेट आकर बसा था। हाल ही में परिवार ने यहां एक प्लॉट भी खरीदा था। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी अक्सर छोटे-बड़े झगड़े होते रहते थे।
केस दर्ज, हर एंगल से जांच
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। ACP रविंदर रेड्डी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

