बिहार के दरभंगा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक निजी स्कूल की बस की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले मासूम छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जबकि स्कूल प्रबंधन पर भी गंभीर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।
मोड़ पर बस मुड़ी, सीट से उछलकर गिरा बच्चा
यह घटना दरभंगा सदर थाना क्षेत्र के सीतापुर के पास हुई। जानकारी के अनुसार, लोआम गांव के रहने वाले तीसरी कक्षा के छात्र मोहम्मद समा स्कूल से छुट्टी के बाद बस से घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही ड्राइवर ने सड़क के मोड़ पर बस को अचानक घुमाया, बच्चा संतुलन खो बैठा और सीधे सीट से उछलकर बस के दरवाजे से टकराते हुए सड़क पर गिर पड़ा।
गिरते ही बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मदद की जगह ड्राइवर हुआ फरार
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद बस चालक ने बच्चे की मदद करने के बजाय बस से उतरकर मौके से भागना ही ठीक समझा। बस में मौजूद कुछ अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें बाद में उतार दिया गया। घायल बच्चे को स्थानीय लोग तुरंत दूसरी गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में फैली खबर, स्कूल में हंगामा
घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि स्कूल की बस काफी पुरानी थी और उस पर कोई संपर्क नंबर तक नहीं लिखा था। जो नंबर इंटरनेट के जरिए मिले, वे भी बंद आ रहे थे।
गुस्साए लोगों का कहना है कि हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन ने पूरी तरह जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया और स्कूल बंद कर सभी लोग फरार हो गए।
चश्मदीदों ने संभाली बाकी बच्चों की जिम्मेदारी
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद सभी बच्चे डरे हुए थे और रो रहे थे। स्थानीय लोगों ने खुद आगे बढ़कर बाकी बच्चों को बस से उतारा और बाइक के जरिए सुरक्षित उनके घर पहुंचाया। उन्होंने स्कूल से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन घंटों तक कोई जवाब नहीं मिला।
एक चश्मदीद ने कहा कि “एक बच्चे की मौत हो गई, लेकिन बाकी बच्चों की कोई सुध लेने वाला नहीं था। तीन घंटे बाद भी स्कूल प्रबंधन गायब था।”
पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई की तैयारी
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बस चालक की तलाश जारी है और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच होगी।
लापरवाही पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षा, ड्राइवरों की ट्रेनिंग और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों की मांग है कि दोषी बस चालक और लापरवाह स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
One thought on “दरभंगा स्कूल बस हादसा: मोड़ पर तेज रफ्तार बनी काल, तीसरी कक्षा के छात्र की मौत, ड्राइवर फरार”