वाराणसी दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, पूर्वांचल को दी विकास की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने करीब ₹2183.45 करोड़ की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त भी देशभर के किसानों के खातों में जारी की।
जनसभा में पहलगाम आतंकी हमले का किया जिक्र, भावुक हुए पीएम मोदी
वाराणसी के इस दौरे पर पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा,
“आज मैं ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार काशी आया हूं। जब 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, 26 निर्दोष लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। तब मैं बाबा विश्वनाथ से उनके परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना कर रहा था। मेरा हृदय उस समय अत्यंत पीड़ा से भर गया था।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने जो वचन दिया था, वह आज बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से पूरा हुआ है।
शिव भक्तों और सावन की परंपरा का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में सावन महीने में काशी की परंपरा का भी जिक्र किया। उन्होंने विशेष रूप से यादव समुदाय के शिव भक्तों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी आस्था और भक्ति देखते ही बनती है।
किसानों को मिली सम्मान निधि की 20वीं किस्त
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 20वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.70 करोड़ किसानों को ₹20,500 करोड़ की राशि उनके बैंक खातों में DBT के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को वितरित किए सहायक उपकरण
पीएम मोदी ने जनसभा के दौरान दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण भी वितरित किए। उन्होंने दृष्टिबाधित छात्रा बबली को ‘लो विजन चश्मा’ भेंट किया और व्हीलचेयर प्राप्त करने वाले संतोष कुमार पांडे से बातचीत की।
इन बड़ी परियोजनाओं का पीएम ने किया लोकार्पण और शिलान्यास
प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में कई अहम परियोजनाओं की शुरुआत की, जिनमें शामिल हैं:
-
वाराणसी-भदोही सड़क चौड़ीकरण (₹269.10 करोड़)
-
मोहनसराय-अडलपुरा मार्ग पर आरओबी (₹42.22 करोड़)
-
PAC रामनगर में बहुउद्देशीय सभागार (₹2.54 करोड़)
-
8 मिट्टी घाटों का पुनर्विकास (₹22 करोड़)
-
कालिका धाम मंदिर पर्यटन विकास (₹2.56 करोड़)
-
लालपुर स्टेडियम में हॉकी मैदान (₹4.88 करोड़)
-
डॉग केयर सेंटर और पशु जन्म नियंत्रण इकाई (₹1.85 करोड़)
-
53 स्कूल भवनों की मरम्मत (₹7.89 करोड़)
-
कैंसर अस्पताल में आधुनिक उपकरण (₹73.30 करोड़)
-
जल जीवन मिशन के तहत 47 पेयजल योजनाएं (₹129.97 करोड़)
-
दुर्गाकुंड का जीर्णोद्धार (₹3.40 करोड़)
पूर्वांचल को विकास की नई दिशा
प्रधानमंत्री के इस दौरे को रक्षाबंधन और सावन के महीने से पहले पूर्वांचल को एक बड़ी सौगात माना जा रहा है। उनके द्वारा शुरू की गई योजनाएं न केवल बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेंगी, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और पर्यटन के क्षेत्र में भी नए अवसरों का निर्माण करेंगी।
One thought on “वाराणसी में बोले PM मोदी: पहलगाम हमले का जिक्र कर भावुक हुए, ₹2183 करोड़ की 52 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन”