पश्चिम बर्धमान (पश्चिम बंगाल) – पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में मछली पकड़ने के विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। कांकसा थाना क्षेत्र के प्रयागपुर गांव में शनिवार को हुए हिंसक झगड़े में एक गर्भवती महिला पर हमला किया गया, जिससे उसकी कोख में ही बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। क्षेत्र में फिलहाल तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मछली पकड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला शुक्रवार को शुरू हुआ, जब प्रयागपुर निवासी सुमन दत्त अपने निजी तालाब से मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान गांव के ही मछली व्यवसायी मानिक मेटे वहां पहुंचा और सुमन को रोकने की कोशिश की। मानिक ने सुमन को कथित तौर पर तालाब से बाहर खींचा, जिससे दोनों के बीच हाथापाई हो गई। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया।
शनिवार को हमला, गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल
शनिवार की सुबह मामला फिर तूल पकड़ गया, जब मानिक मेटे अपने कुछ साथियों के साथ सुमन दत्त के घर पहुंचा और वहां हमला कर दिया। आरोप है कि सुमन और उनके भाई मितु दत्त के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। जब सुमन की गर्भवती बहन लक्ष्मी विश्वास बीच-बचाव करने आईं, तो उन्हें पेट में लात मारी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल में मृत बच्चे को जन्म, महिला की हालत गंभीर
लक्ष्मी को तत्काल पानागढ़ ब्लॉक प्राइमरी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां से उन्हें हालत बिगड़ने पर दुर्गापुर महकुमा अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उन्होंने मृत बच्चे को जन्म दिया। डॉक्टरों ने बताया कि हमले के चलते गर्भ में ही बच्चे की सांसें थम गई थीं। महिला की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
चार आरोपी गिरफ्तार, इलाके में तनाव
घटना की सूचना मिलते ही कांकसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों से चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी मानिक मेटे भी शामिल है। मानिक खुद भी झगड़े में घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है।
इलाके में दो पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहती है पुलिस?
कांकसा थाना प्रभारी ने बताया, “घटना की गंभीरता को देखते हुए आईपीसी की सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हमले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।”
न्याय की मांग कर रहा परिवार
मृतक शिशु की मां लक्ष्मी विश्वास के परिवार का कहना है कि यह हमला पूर्व नियोजित था और उन्होंने प्रशासन से दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार विवाद कर चुके हैं और उन्हें न्याय चाहिए।
One thought on “पश्चिम बंगाल: तालाब विवाद में गर्भवती महिला पर हमला, कोख में ही थम गई बच्चे की सांसें, 4 आरोपी गिरफ्तार”