राजस्थान के अलवर में बिहार के BSP नेता से 3 लाख की लूट, पुलिस ने 3 घंटों में बदमाशों को पकड़ा

राजस्थान के अलवर में बिहार के BSP नेता से 3 लाख की लूट

राजस्थान के अलवर जिले में बिहार के BSP नेता और कपड़ा व्यापारी मोहम्मद कलीम खान के साथ बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने घटना के तीन घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटे हुए ₹3 लाख और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद कर मामले का खुलासा कर दिया।


सोने की ईंट और सस्ते कपड़ों का लालच देकर बुलाया अलवर

जानकारी के अनुसार, कलीम खान बिहार के सुपौल जिले के रहने वाले हैं और हाल ही में उन्होंने BSP के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। चुनाव हारने के बाद एक व्यक्ति हाफिज ने उन्हें फोन कर संपर्क किया। उसने खुद को राजस्थान के बड़े व्यापारी का दोस्त बताते हुए कलीम को सस्ते दामों पर सोने की ईंट उपलब्ध कराने और 10 लाख रुपये तक उधारी पर कपड़े दिलवाने का लालच दिया।

कई दिनों तक लगातार फोन आने के बाद कलीम उसकी बातों में फंस गए और अलवर आने के लिए तैयार हो गए।


दिल्ली से अलवर पहुंचे तो बदमाश मिले ‘हाफिज के आदमी’ बनकर

2 दिसंबर की सुबह कलीम दिल्ली से जयपुर और फिर बस से अलवर पहुंचे। अलवर बस स्टैंड पर दो युवक—इनामुल हसन और मोमिन—खुद को हाफिज का आदमी बताकर कलीम से मिले।

दोनों ने BSP नेता को शहर में कई जगह घुमाया और बातचीत करते रहे। लेकिन इसी दौरान मौका पाकर बदमाशों ने झपट्टा मारकर तीन लाख रुपये भरा बैग छीन लिया। जब कलीम ने विरोध किया, तो दोनों आरोपियों ने उनके प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

इसके बाद दोनों आरोपी काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गए।


घटना की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस, जिलेभर में नाकाबंदी

होश आने पर कलीम खान ने तुरंत पुलिस को फोन कर जानकारी दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए अलवर के एसपी सुधीर चौधरी ने पूरे जिले में नाकाबंदी करा दी।

सदर थाना प्रभारी अजीत सिंह बडसरा और उनकी टीम संदिग्ध वाहनों की तलाशी कर रही थी। इसी दौरान टेल्को सर्किल के पास उन्हें काले रंग की स्कॉर्पियो दिखाई दी।


भागने की कोशिश, लेकिन कांस्टेबल ने दौड़कर दबोचा

पुलिस द्वारा स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान कॉन्स्टेबल राजेश ने दौड़कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी इनामुल हसन (33) और मोमिन (23), निवासी भंडारा (जिला डींग), को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में पता चला कि आरोपियों ने पूरा प्लान हाफिज के साथ मिलकर बनाया था, जिसने फोन कर कलीम को अलवर बुलाया था।


लूटे गए 3 लाख रुपये और स्कॉर्पियो बरामद

गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों के पास से लूटे गए ₹3 लाख नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस अब हाफिज की तलाश में छापेमारी कर रही है।

इसके अलावा पुलिस आरोपी इनामुल और मोमिन के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने पहले भी ऐसी वारदातें की हैं या नहीं।


पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना

बीएसपी नेता कलीम खान ने पुलिस की कार्यवाही की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर नाकाबंदी न करती तो आरोपियों तक पहुंचना आसान नहीं होता।

पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है और मुख्य साजिशकर्ता हाफिज को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:   मुजफ्फरनगर में साइड मांगने पर पिता-बेटी की पिटाई: बारात में शामिल युवकों ने किया हमला, दोनों गंभीर घायल

One thought on “राजस्थान के अलवर में बिहार के BSP नेता से 3 लाख की लूट, पुलिस ने 3 घंटों में बदमाशों को पकड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *