लंदन लौट रहे थे पत्नी के अंतिम संस्कार के बाद, अहमदाबाद प्लेन क्रैश में गई जान

Air India Plane Crash: लंदन जा रहे अर्जुन पटोलिया की दुखद मौत

अहमदाबाद – गुरुवार, 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने से 230 यात्रियों की जान चली गई। इस हादसे में अर्जुन मनुभाई पटोलिया की भी मौत हो गई, जो हाल ही में अपनी पत्नी के अंतिम संस्कार के लिए गुजरात के वाडिया गांव आए थे।

पत्नी को अंतिम विदाई देने आए थे भारत

अर्जुन पटोलिया लंदन में रहते थे और कुछ दिन पहले अपनी पत्नी के निधन के बाद भारत लौटे थे। उन्होंने गुजरात के वाडिया गांव में अपनी पत्नी का अंतिम संस्कार किया। इसके बाद वह लंदन वापस जा रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, उनके भतीजे कृष जगदीश पटोलिया ने बताया कि अर्जुन अंकल एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 से यात्रा कर रहे थे, जो टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

कुछ ही सेकंड में हुआ बड़ा हादसा

एयर इंडिया की यह फ्लाइट दोपहर 1:39 बजे रनवे 23 से रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद पायलट को तकनीकी खराबी का संदेह हुआ और उन्होंने ATC को ‘मेडे कॉल’ दी। इसके तुरंत बाद संपर्क टूट गया और विमान मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग पर जा गिरा। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई और आसमान में धुएं का गुबार छा गया।

कुल कितने लोग थे विमान में?

इस विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर थे। इनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक थे। हादसे में अब तक केवल दो लोगों के जिंदा बचने की पुष्टि हुई है। पूर्व गुजरात मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस फ्लाइट में सवार थे और उन्हें भी मृत घोषित कर दिया गया।

पीएम मोदी और ब्रिटिश पीएम ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया और कहा कि वह इस दुर्घटना से बेहद आहत हैं। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी कल अहमदाबाद का दौरा कर सकते हैं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने भी सभी मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *